श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के दामाद सपा में शामिल

लखनऊ 17 मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के दामाद डा0 नवल किशोर मौर्य आज समाजवादी पार्टी(सपा) में शामिल हो गये।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी में शामिल किया लेकिन कहा इसकी औपचारिक घोषणा जनसभा में की जायेगी। डा0 नवल किशोर मौर्य कैंसर के अच्छे चिकित्सक माने जाते हैं।
इससे पहले श्रम मंत्री के भतीजे और प्रतापगढ़ जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद मौर्य ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पिछले महीने सपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। स्वामी प्रसाद मौर्य विधानसभा चुनाव के मात्र कुछ महीने पहले ही बहुजन समाज पार्टी(बसपा) छोड़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) में शामिल हुए थे। श्री मौर्य उस समय विधानसभा में बसपा के साथ ही नेता विरोधी दल भी थे।
प्रमोद मौर्य ने सपा में शामिल होते समय कहा था कि स्वामी प्रसाद मौर्य की भाजपा में उपेक्षा हो रही है। उन्हें अपेक्षाकृत कम महत्वपूर्ण विभाग दिया गया है इसलिए उनके समर्थक धीरे-धीरे भाजपा से अलग होंगे। माना जा रहा है कि डा0 नवल किशोर मौर्य की आज अखिलेश यादव के साथ मंच साझा किया जाना उसी का परिणाम है। डा0 मौर्य के साथ विधान परिषद के पूर्व सदस्य प्रदीप सिंह और पूर्व विधायक इरशाद भी सपा में शामिल हुए।
Previous article
कांग्रेस ने लिया किसानों की कर्ज माफी का संकल्प
Next article
आईसीसी ने शाकिब और नुरूल पर ठोका जुर्माना